
नई दिल्लीः भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार देशभर में इस साल जून से सितंबर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम में बारिश सामान्य रहने की संभावना है। कुल मिलाकर, इन चार महीनों के दौरान देश भर में पश्चिमी मानसून मौसमी बारिश सामान्य रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में उत्तर पश्चिम की ओर एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इससे गंगा से सटे ओडिशा और पश्चिम बंगाल के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। तो वहीं अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य भारत तक पहुंच चुका मानसून देश के उत्तरी इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसके अगले दो दिनों में पूरे उत्तरी भारत में आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने ओडिशा, पश्चिम बंगाल, कोंकण और गोवा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश, सिक्किम, उत्तर प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल, मराठवाड़ा, विदर्भ, तमिलनाडु और रायलसीमा के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग द्वारा लक्षद्वीप, आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण गुजरात में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में मानसून इस बार 15 दिन पहले पहुंच रहा है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों की माने तो अनुकूल मौसमी परिस्थितियों की वजह से दक्षिण पश्चिमी मॉनसून के अगले 4-5 दिन में दक्षिण राजस्थान और गुजरात के कच्छ क्षेत्र को छोड़कर पूरे देश में छाने की उम्मीद है। अनुमान लगाया है कि इस साल पूरे देश में जून से सितंबर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून से सामान्य बारिश की संभावना है।
भारी बारिश से मुश्किल में मुंबई
मुंबई में मानसून की बारिश आ चुकी है। पहली ही बारिश ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की पोल खोल दी है। पहली बारिश के बाद ही मुंबई के हालात दयनीय हो गए। भारी बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया और ट्रेनों के पहिए भी रुक गए। इस बीच मुंबई में हाई टाइड को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मुंबई के सायन ईस्ट इलाके में लगातार बारिश से सड़कों पर पानी भर गया है, जबकि अंधेरी मेट्रो में भी पानी भर गया है।
हालांकि बीएमसी का कहना है कि हमने मानसून से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं, आपदा प्रबंधन एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो. दमकल विभाग समेत सभी आपदा प्रबंधन इकाइयों को अलर्ट कर दिया गया है। मौसम विभाग ने 13 और 14 जून को शहर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)

Comment here
You must be logged in to post a comment.