खेल

रोहित और रहाणे ने टीम इंडिया को संकट से उबारा, भारत 6 विकेट पर 300 रन

नई दिल्लीः चेन्नई के एम चिदंबरम स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारत पहले दिन 6 विकेट पर 300 रन बनाकर मजबूत स्थिति में आ गया है। कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। रोहित शर्मा ने शतक के साथ इस मैच से वापसी करते हुए शानदार शतक ठोंका। ये उनके टेस्ट करियर का सातवां शतक है। उन्होंने 231 गेंदे खेलकर 18 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के लगाए, वह 161 रन बनाकर आउट हुए। 

दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ पहले दिन भारत की शुरूआत काफी खराब रही। आस्ट्रेलिया से फार्म में चल रहे स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल पहली ही बाॅल पर एलबीडब्ल्यू हो गए और इस मैच में अपना खाता भी नहीं खोल पाए। उनके बाद आए चेतेश्वर पुजारा भी कुछ खास नहीं कर पाए और 21 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान कोहली खेलने उतरे, लेकिन पहली ही बाॅल पर वो भी मोइन अली की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। हालांकि मोइन की गेंद काफी टर्न हुई और कोहली समझ ही नहीं पाए कि गेंद कहां से विकटों में घुस गई। एक समय भारत मुश्किल में आ गया जब उसके 3 महत्वपूर्ण विकेट 86 रन पर गिर गये। लेकिन इसके बाद आए उपकप्तान अजिक्य रहाणे ने रोहित के साथ मोर्चा संभाला और अपनी टीम को संकट से उबारा। दोनों के बीच 160 रन की पार्टरनशिप हुई। रोहित शर्मा 161 रन बनाकर जैक लीच की गेंद पर आउट हो गये। थोड़ी ही देर बाद भारत को एक और झटका लगा, जब अच्छी बैटिंग कर रहे रहाणे भी मोईन अली की गेंद पर बोल्ड हो गए। रविचन्द्रन अश्विन भी आज ज्यादा देर नहीं टिक सके और 13 रन बनाकर आउट हो गए। ऋषभ पंत (33) और अक्षर पटेल (5) रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।

इंग्लैंड की ओर से जैक लीच और मोईन अली ने 2-2 विकेट लिए। ओली स्टोन और जो रूट को 1-1 विकेट मिला।

Comment here