राज्य

सोपोर में सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई, लश्कर कमांडर मुदासिर पंडित समेत 3 आतंकी ढेर

नई दिल्लीः जम्मू-कश्मीर के सोपोर में कल रात हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को ढेर कर दिया। तीनों आतंकी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के थे। इस मुठभेड़ में पुलिस और सीआरपीएफ की टीम पर हमले में शामिल मुदस्सर पंडित भी मारा गया। 12 जून को हुए इस आतंकी हमले में 3 पुलिसकर्मी और 2 आम नागरिक मारे गए थे।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के सोपोर इलाके के गुंड ब्राथ इलाके में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर के शीर्ष आतंकवादी मुदासिर पंडित सहित तीन आतंकवादी मारे गए। सुरक्षा बल ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं।

आईजी विजय कुमार ने बताया कि सोपोर हमले में शामिल मुदस्सिर पुलिस पार्टी पर हमला करने के अलावा वह कई अन्य आतंकी गतिविधियों में भी शामिल था। पुलिस के मुताबिक यह मुठभेड़ पूरी रात चली और अब इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

आपको बता दें कि 12 जून को सोपोर में ही आरामपुरा के एक ब्लॉक में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम पर हमला किया गया था। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। वहीं, 2 अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। इसके अलावा इस आतंकी हमले में 2 नागरिकों की भी मौत हो गई।

इससे पहले गुरुवार को भी आतंकियों ने एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के वक्त जवान ड्यूटी पर नहीं था। श्रीनगर के ईदगाह इलाके के सैदपोरा इलाके में आतंकियों ने आरक्षक जावेद अहमद को उसके घर के पास गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे पास के शौरा के एसकेआईएमएस अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

(एजेंसी इनपुट्स के साथ)

Comment here