राज्य

उत्तराखंड की कांग्रेस नेता इंदिरा हृदयेश का निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस

नई दिल्लीः उत्तराखंड कांग्रेस की वयोवृद्ध राजनीतिज्ञ और विधानसभा में विपक्ष की नेता डॉ. इंदिरा हृदयेश का आज निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के उत्तराखंड भवन में अंतिम सांस ली। दिल का दौरा पड़ने से डॉ. हृदयेश का निधन हो गया। वह दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की बैठक में शामिल होने के लिए शनिवार को राजधानी पहुंची थीं। उनका आज उत्तराखंड भवन के कमरा नंबर 303 में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को उत्तराखंड ले जाने की तैयारी की जा रही है।

आज सुबह उन्हें गंभीर हालत में दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। कांग्रेस की कद्दावर नेता की मौत से पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने इंदिरा हृदयेश के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन में उन्हें हार्ट अटैक आया। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डॉ. इंदिरा हृदयेश के निधन पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, "डॉ. इंदिरा हृदयेश जी कई सामुदायिक सेवा प्रयासों में सबसे आगे थीं। उन्होंने एक प्रभावशाली विधायक के रूप में अपनी पहचान बनाई और उनके पास समृद्ध प्रशासनिक अनुभव भी था। उनके निधन से दु:खी हूं। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना। ओम शांति : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी”

Comment here