राज्य

जोनाई में मनाया गया राष्ट्रीय मतदाता दिवस, इस अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए

जोनाईः असम के धेमाजी जिले के जोनाई महकमा प्रशासन और जिला निर्वाचन कार्यालय के तत्वावधान में और जोनाई महकमा निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के सहयोग से 11वीं राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आज महकमाधिपति कार्यालय परिसर से पहली बार मतदाता सूची में नाम शामिल होने वाले युवा मतदाताओं को लेकर साईकिल रैली निकाली गई। अतिरिक्त उपायुक्त व जोनाई महकमा के प्रभारी महकमाधिपति जिमली सईकिया काकोती ने साईकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह साईकिल रैली महकमाधिपति कार्यालय से निकलकर पोबा रेनफोरेस्ट तक जाने के बाद वापस जोनाई चिल्ड्रेन पार्क में संपन्न हुआ। इस साईकिल रैली के दौरान जोनाई की निर्वाचन अधिकारी गायत्री पातिर, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी शौविक भुंयां, समाज कल्याण विभाग अधिकारी प्रीतम कुमार दास, सार्किल आफिसर (अटैच) नैकिब सैयद बरुवा, जोनाई बालिका महाविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ योगेन्द्र पेगु, मुरकंग सेलेक बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के सह शिक्षक जयंत टाये आदि उपस्थित थे।

दूसरी ओर महकमाधिपति कार्यालय के समीप स्थित शिशु उद्यान परिसर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मतदाताओं के बीच जागरुकता फैलाने के लक्ष्य के साथ आयोजित इस कार्यक्रम का जिले के अतिरिक्त उपायुक्त व जोनाई महकमा के प्रभारी महकमाधिपति जिमली सईकिया काकोती ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर महकमाधिपति जिमली सईकिया काकोती ने कहा कि हर साल चुनाव आयोग की ओर से पूरे देश में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया जाता हैं। जिसके जरिये मतदाताओं को अपना वोट अपना अधिकार  के बारे में जागरूक किया जा सके। 

उन्होंने कहा कि आज के युवा मतदाता हमारे देश के सबसे मजबूत कड़ी हैं। जिस कारण युवा मतदाताओं को उन्होने आने वाले विधानसभा चुनाव में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने और मजबुत गणतांत्रिक भारत बनाने की अपील की। इस अवसर पर पहली बार मतदाता सूची में नाम शामिल होने वाले कई मतदाताओं को चुनाव आयोग की ओर से प्रमाण पत्र भी दिया गया। साथ ही स्थानीय चुनाव कार्यालय में करीब एक दशक से अस्थाई कर्मचारी के रुप में कार्य कर रहे मोना सिकदर और तिनसुकिया जिले के माकुम निवासी चित्रकार मन्जीत साह कश्यप को भी फुलाम गामोछा व प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया। वहीं इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्राओं द्वारा कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में निर्वाचन अधिकारी गायत्री पातिर, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी शौविक भुंयां, समाज कल्याण विभाग अधिकारी प्रीतम कुमार दास, सार्किल आफिसर (अटैच) नैकिब सैयद बरुवा सहित महकमाधिपति कार्यालय, निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तथा सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे।

Comment here