
जोनाईः असम के धेमाजी जिले के जोनाई महकमा के बाढ़ प्रभावित अंचल लुहीजान मछुवा केंप से बेराघाट तक जाने वाली करीब तीन किलोमीटर लम्बे निर्माणाधीन पथ मार्ग के निर्माण में खराब सामाग्री लगाने का आरोप लगाया गया है। अखिल असम छात्र संघ की बाहिर जोनाई आंचलिक छात्र संघ ने आरोप लगाते हुए कहा है कि उक्त पथमार्ग का निर्माण लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं के निगरानी में किया जाना चाहिए, मगर ठेकेदार द्वारा मिलीभगत कर अति निम्न स्तर का काम किया जा रहा है, जो बनने से पूर्व ही पथमार्ग अपने आप उखड़ रहे हैं।
साथ ही आसू ने आरोप लगाते हुए कहा है कि कार्य करने के पूर्व ठेकेदार का नाम, पथमार्ग का नाम, आवंटित राशि और पथमार्ग की दूरी का बोर्ड लगाना अनिवार्य है। मगर ठेकेदार द्वारा सभी सरकारी दिशा-निर्देशों को अंगूठा दिखा दिया गया है। लुहीजान मछुवा केंप से बेराघाट तक जाने वाली करीब तीन किलोमीटर लम्बे निर्माणाधीन पथ मार्ग के निम्न स्तर का कार्य किये जाने के कारण काम सम्पूर्ण होने के पूर्व ही अलकतरा अपने आप निकल रहा है। आसू ने निम्न स्तर के काम करने वाले ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड करने की मांग की है, अन्यथा आने वाले दिनों में आसु बेराछापरी के लोगों को लेकर गणतांत्रिक आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। साथ ही स्थानीय लोगों ने भी इस पथमार्ग की निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।


Comment here
You must be logged in to post a comment.