उत्तर प्रदेश

राहुल गांधी ने की यूपी के आम की बुराई, सीएम योगी ने कहा- आपका टेस्ट विभाजनकारी

लखनऊः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपने विवादित बयानों से हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। उनके इन बयानों पर भाजपा को अक्सर हमलावर होने का मौका मिल ही जाता है। हाल ही में राहुल ने एक ऐसा बयान दिया है कि उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी जमकर खिंचाई कर दी। दरअसल राहुल गांधी से पत्रकारों ने आम को लेकर प्रश्न पूछा था। जिस पर उन्होंने कहा था कि उन्हें यूपी के आम बिल्कुल पसंद नहीं है। इस पर सीएम योगी ट्वीट कर पलटवार किया। 

सीएम योगी ने ट्वीट कर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए लिखा, ‘‘राहुल गांधी जी आपका टेस्ट ही विभाजनकारी है। आपके विभानकारी संस्कारों से पूरा देश परिचित है। आप पर विघटनकारी कुसंस्कार का प्रभाव इस कदर हावी है कि फल के स्वाद को भी आपने क्षेत्रवाद की आग में झोंक दिया।’’ सीएम ने आगे कहा, ‘‘ध्यान रहे कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत का स्वाद एक है।’’

वहीं गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने राहुल गांधी के बयान पर उनकी क्लास लगा दी। उन्होंने कहा कि राहुल जी को उत्तर प्रदेश के आम नहीं पसंद और राज्य को कांग्रेस नहीं पसंद, हिसाब बराबर।

Comment here