उत्तर प्रदेश

ताजमहल में बम की सूचना निकली झूठी, काॅल करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

नई दिल्लीः आगरा पुलिस को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर ताजमहल में बम होने की सूचना दी। जिसके बाद ताजमहल के बाहर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को जैसे ही ये सूचना मिली तुरंत कार्रवाई करते हुए स्मारक से पर्यटकों और आगंतुकों को बाहर निकाल दिया गया और आसपास की दुकानों को भी बंद कर दिया गया।

पुलिस को किसी अज्ञात व्यक्ति ने सूचित किया कि ताजमहल के अंदर बम रखा गया हैं। यूपी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और फोन कॉल को ट्रेस किया और उस व्यक्ति तक पहुंच गई, जिसे अब हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह आदमी नौकरी नहीं मिलने से परेशान था इसलिए उसने इस तरह की हरकत की।

सूत्रों के अनुसार, ताजमहल के पूरे परिसर में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, बम निरोधक दस्ता भी घटनास्थल पर मौजूद है। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।

आगरा के एक स्थानीय निवासी ने बताया कि ताजमहल के अंदर बम होने की सूचना झूठी है और पुलिस ने झूठी काॅल करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

ताजमहल के आसपास और सभी संभावित स्थानों पर सीआईएसएफ, आगरा पुलिस और बम निरोधक दस्ते द्वारा जाँच की गई। ताजमहल की तलाशी लेने के लिए स्मारक को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। लेकिन पुलिस ने अब यह सुनिश्चित कर लिया है कि किसी को कोई खतरा नहीं है और सूचना झूठी थी। ताजमहल के दरवाजे अब आगंतुकों के लिए खोल दिए गए हैं।

Comment here