
लखनऊ: प्रदेश सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने अखिलेश यादव पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि पिछले दो चुनावों में जनता , सपा को गठबंधन के बावजूद असली मंजिल तक पहुंचा चुकी है । रही सही कसर आगामी विधानसभा चुनाव में भी जनता पूरी करने को तैयार बैठी है । मंजिल तो नहीं मिलेगी अलबत्ता जनता सपा को कहीं का नहीं छोड़ने का मन जरूर बना चुकी है, इसका अहसास तो अखिलेश को हो ही गया होगा।
अखिलेश के ट्वीट पर तंज कसते हुए सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि अपनी सरकार में उन्होंने पूरी क्षमता और हौसला सूबे को दंगे की आग में झोंकने में लगा दिया था। गुंडों और माफिया को लूटने और गुंडागर्दी की खुली छूट दे रखी थी । एक वर्ग विशेष की तुष्टिकरण में ही पूरा ऊर्जा खपा दी । इससे भी मन नहीं भरा तो बाप और चाचा को ही हाशिये पर डाल दिया। आखिर अखिलेश यादव इससे आगे अब किस मंजिल तक पहुंचने के लिए हौसला दिखा रहे हैं? यदि वह आगामी विधानसभा चुनाव के मंजिल की चर्चा कर रहे हैं तो 2014 में कांग्रेस और 2019 में बसपा से हाथ मिला कर अपनी पार्टी की दुर्गति देख चुके हैं । लिहाजा पहले अपनी क्षमता का फिर से आंकलन करके जमीनी हकीकत जान लें । असलियत ड्राइंग रूम से निकल कर फाइव स्टार रथ पर सैर करने से पता नहीं चलेंगी । अन्यथा शेर की सवारी करना मूर्खता ही होगी ।


Comment here
You must be logged in to post a comment.