खेल

WTC Final: स्विंग के आगे बेबस कोहली के शेर, 217 रन पर हुए ढेर

नई दिल्लीः न्यूजीलैंड के प्रभावशाली तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने साउथेम्प्टन में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के तीसरे दिन की शुरुआत में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को 44 रन पर एलबीडब्ल्यू कर दिया। उसके बाद उपकप्तान आजिक्य रहाणे ने विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत के साथ मोर्चा संभाला। लेकिन, रिषभ पंत जल्दी ही आउट होकर चलते बने। टीम इंडिया को उनसे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह मात्र 4 रन बनाकर आउट हुए। वह भी तेज गेंदबाज काइल जैमीसन का शिकार बने। उसके बाद तो मानों विकटों की झड़ी लग गई। रहाणे अपने अर्द्धशतक से मात्र 1 रन दूर रहे गये और वैगनर की गेंद पर टाॅम लैथम को कैच थमा बैठे। उनके आउट होते ही भारत की एक अच्छे स्कोर बनाने की उम्मीद क्षीण हो गई। रविन्द्र जडेजा और रविचन्द्रन अश्विन ने कुछ देर तक न्यूजीलैंड के सामने संघर्ष लेकिन वह भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। जडेजा 15 रन बनाकर बोल्ट का शिकार बने। अश्विन 22 रन बनाकर टिम साउदी की गेंद पर लेथम को कैच थमा बैठे। बाकी बचे पुछल्ले बल्लेबाज ज्यादा कुछ नहीं कर सके और पूरी टीम 217 रन बनाकर आउट हो गई। 

न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजों ने बढ़िया प्रदर्शन किया जिसका उन्हें इनाम भी मिला। काइल जैमीसन ने मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की और भारत के 5 महत्वपूर्ण विकेट झटके। ट्रेंट बोल्ट और नील वैगनर ने 2-2 विकेट लिए। टिम साउदी ने बढ़िया गेंदबाजी की, लेकिन उन्हें 1 विकेट में संतोष करना पड़ा। 

न्यूजीलैंड ने अपनी पारी की शुरूआत काफी सधी हुई की। ओपनर टाॅम लेथम और डेवन काॅनवाय ने अपनी टीम को बढ़िया शुरूआत दी। भारत के पेसर कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए। टाॅम लेथम अच्छी खेल रहे थे, लेकिन अश्विन की फिरकी में फंसकर लंबा हिट करने चक्कर में वह कोहली को कैच थमा बैठे। उन्होंने 3 चौकों की मदद से 30 रन बनाए। काॅनवाय 6 चौकों की मदद से 54 रन बनाकर इशांत शर्मा का शिकार बने। केन विल्यिमसन और राॅस टेलर क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड की टीम अभी भारत से 116 रन पीछे हैं।

आज मैच का चौथा दिन है। अब देखना ये होगा कि क्या कोहली आज कुछ नई रणनीति के साथ उतरेंगे और न्यूजीलैंड को जल्दी आउट करने की कोशिश करेंगे या फिर मैच को बचाने के लिए डिफेंसिव फिल्ड लगायेंगे। कोहली के सामने अभी मुश्किल ये है कि उन्हें रन भी बचाने हैं और विकेट भी निकालने हैं। अगर मैच में न्यूजीलैंड एक अच्छी लीड ले लेता है तो भारत का इस मैच में बने रहना मुश्किल साबित हो सकता है।

Comment here