वाराणसी: मंत्री रवींद्र जायसवाल ने बुधवार को सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक की। इस दौरान सेतु निगम के अधिकारियों पर निर्माण कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताई। अधिकारियों के साथ आशापुर रेलवे ओवर ब्रिज का निरीक्षण भी किया।इस दौरान सेतु निगम के अभियंताओं ने आशापुर फ्लाइओवर के ज्वाइंट्स व चौकाघाट फ्लाइओवर के नीचे जगह-जगह जलजमाव की समस्या का समाधान एक सप्ताह के अंदर सुनिश्चित कराए जाने का भरोसा दिया। तीन दिन पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेलवे ओवर ब्रिज के निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट ठीक नहीं होने पर नाराजगी जताई थी। इसकी तकनीक की भी जानकारी दी थी।
मंत्री ने निरीक्षण के दौरान फ्लाइओवर के ज्वाइंट तत्काल ठीक करने के लिए सेतु निगम के अफसरों को निर्देशित किया था। साथ ही चौकाघाट पुल के नीचे हो रहे जलजमाव पर भी नाराजगी जताई थी। एसपी ट्रैफिक को मौके पर बुलाकर संबंधित विभाग को तत्काल एनओसी देने के लिए निर्देशित किया। समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री रवींद्र जायसवाल ने आशापुर से सारनाथ के बीच रोड के किनारे पौधरोपण कराने के लिए भी डीएफओ को निर्देशित किया। जल निगम व जलकल विभाग के अधिकारियों को अधूरी पड़ी सीवर और पेयजल लाइनों को तत्काल दुरुस्त करने के लिए कहा। बैठक में जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा, नगर आयुक्त गौरांग राठी, जल निगम, जलकल, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, एनएचआई के अधिकारी सहित डीएफओ आदि मौजूद थे।
आशापुर रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम को समाप्त करने के उद्देश्य से आरओबी का निर्माण 50 करोड़ 17 लाख 10 हजार की लागत से सेतु निगम ने किया है। 682 मीटर लंबा आशापुर आरओबी का निर्माण कार्य मई-2018 में शुरू हुआ। शासन ने इसे पूरा करने का समय मार्च-2021 तय किया था लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते निर्माण कार्य समय से पूरा नहीं हो सका। आरओबी का निर्माण 30 जून-2021 को पूरा हुआ। सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक दीपक गोयल ने बताया कि उक्त राशि से रेलवे ओवर ब्रिज रेलवे द्वारा बनाया गया है। बिजली के खंभों व तारों की शिफ्टिंग, सीवर लाइन ट्रांसफर करने और सर्विस रोड निर्माण में उपयोग किया गया है। वर्तमान में सर्विस रोड में गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई का कार्य चल रहा है। उक्त कार्य के पूरा होते ही सर्विस रोड का भी काम पूरा कर लिया जाएगा। काम जल्द पूरा करने के लिए गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई को निर्देश दिया गया है।

