राज्य

MP: विदिशा में बड़ा हादसा, कुएं में गिरे 30 से ज्यादा लोग, तीन की मौत

नई दिल्लीः मध्य प्रदेश (Madhya Praesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) से 120 किलोमीटर दूर विदिशा (Vidisha) जिले के गंजबासौदा में बड़ा हादसा हो गया। लाल पत्थर गांव के एक कुएं में एक बच्चे के गिरने के बाद उसे निकालने आए लोगों की भीड़ के कारण कुआं ढह गया, जिससे 30 से ज्यादा लोग कुंए के अंदर गिर गए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम द्वारा जारी रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अब तक करीब 16 लोगों को निकाला जा चुका है। 13 लोग अभी भी लापता हैं, जबकि तीन की मौत हो गई है और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं।

हादसे के तुरंत बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमों को भोपाल भेजा. साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी आला अधिकारियों से बात कर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने को कहा। विदिशा जिला प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग भी मुख्यमंत्री के निर्देश पर भोपाल से रवाना होने के बाद मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी जारी रखी।

जानिए कैसे हुआ यह हादसा?
दरअसल, गंजबासौदा के लाल पत्थर गांव में एक 14 वर्षीय बालक शाम छह बजे कुएं में गिर गया था। करीब 30 फीट गहरे कुएं में 10 से 15 फीट तक पानी था। बच्चे के गिरने के बाद उसे बचाने के लिए लोगों की भीड़ कुएं के आसपास पहुंच गई। कुंआ सीमेंट की पटिया से ढका था। भीड़ के भार के कारण अचानक पटिया टूट गई और कुआं ढह गया। इससे 30 से ज्यादा लोग कुएं में गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी व अन्य मशीनों से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। 

सीएम ने विवाह स्थल पर ही बनाया कंट्रोल रूम
राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान अपनी गोद ली हुई बेटियों की शादी के मौके पर विदिशा में मौजूद थे, इसलिए उन्होंने विवाह स्थल को कंट्रोल रूम बना दिया। वहां से उन्होंने पूरे मामले की निगरानी करते हुए आईजी, कमिश्नर, कलेक्टर, एसपी समेत तमाम अधिकारियों को वहां भेजा। मुख्यमंत्री ने घटना के बारे में और जानकारी देते हुए ट्वीट किया, ‘‘विदिशा जिले के गंजबासौदा थाना अंतर्गत कुछ लोगों के कुएं में गिरने की सूचना मिली है। एसडीएम मौके पर मौजूद हैं। मेरे निर्देश पर जिलाधिकारी और एसपी भी पहुंच रहे हैं। प्रशासन की टीम बचाव कार्य में जुटी हुई है। मैंने सीएस, डीजीपी और एसडीआरएफ डीजी से बात की है। एसडीआरएफ की टीम बचाव अभियान के लिए जरूरी उपकरण लेकर मौके के लिए रवाना हो गई है। कमिश्नर और आईजी भी रवाना हो चुके हैं। मैंने स्थिति का जायजा लिया है और मैं सभी अधिकारियों के संपर्क में हूं।’’

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Comment here