खेल

IPL 2022 MI vs KKR: पैट कमिंस की धमाकेदार पारी ने मुम्बई को किया चित

IPL 2022: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने कल के मैच में मुंबई इंडियंस (MI) को आसानी से हरा दिया। मुंबई इंडियंस ने कोलकाता को 162 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे कोलकाता ने पैट कमिंस की धमाकेदार पारी की बदौलत 16 ओवरों में ही प्राप्त कर लिया। इस मैच को जीतने के साथ ही कोलकाता नाइट राइडर्स ग्रुप में टॉप पर पहुंच गई है।

मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला सही साबित नहीं हुआ। कप्तान रोहित शर्मा और इशांत किशन सस्ते में आउट होकर पैवेलियन लौट गए। इसके बाद आए सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने क्रमशः 52 और 38 रनों की पारी खेली और अपनी टीम का स्कोर 161 तक पहुंचाया।

कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरूआत भी कुछ खास अच्छी नहीं रही। पांचवें ओवर में ही सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे 7 रन बनाकर आउट हो गए। साथ ही कप्तान श्रेयस अय्यर भी 10 रन बनाकर आउट हो गए। एक तरफ से विकेट गिरते रहे, लेकिन दूसरे छोर पर वेंकटेश अय्यर डटे रहे। उन्होंने 41 गेंदों पर 50 रनों की शानदार पारी खेली।

एक समय लगा जब मुकाबला कोलकाता के हाथ से फिसलता जा रहा है, तब पैट कमिंस आए और मैच का रूख ही पलट दिया। उन्होंने धमाकेदार पारी खेलकर अपनी टीम को आसान जीत दिला दी। कमिंस ने मात्र 15 गेंदों पर 6 छक्के और 4 चौके लगाकर 56 रन बनाए।