Operation Chakra-VI: डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड के खिलाफ देशभर में 80 ठिकानों पर छापेमारी

Operation Chakra-VI: सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने गुरुवार को देशभर में ‘डिजिटल अरेस्ट’ साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 80 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन चक्र-VI’ के तहत की गई, जिसका उद्देश्य देश में तेजी से फैल रहे इस संगठित साइबर अपराध नेटवर्क पर शिकंजा कसना है।

16 राज्यों में एक साथ छापेमारी
CBI ने इस अभियान के लिए 60 विशेष टीमों का गठन किया, जिन्होंने पंजाब, गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, असम, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, कर्नाटक और ओडिशा समेत 16 राज्यों में एक साथ छापेमारी की।

2 आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक आरोपी को कोलकाता से और दूसरे को चेन्नई से पकड़ा गया। जांच एजेंसी के अनुसार, दोनों शेल कंपनियों के निर्माण और ‘म्यूल’ बैंक खातों के संचालन में शामिल थे। इन खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर साइबर अपराध से अर्जित लगभग 2 करोड़ रुपये की अवैध रकम को विभिन्न माध्यमों से ठिकाने लगाने के लिए किया गया था।

‘डिजिटल अरेस्ट’ धोखाधड़ी
CBI का कहना है कि यह कार्रवाई एक व्यापक और जारी अभियान का हिस्सा है, जो ‘डिजिटल अरेस्ट’ धोखाधड़ी से जुड़े 200 से अधिक मामलों की जांच से संबंधित है। एजेंसी का लक्ष्य उन संगठित नेटवर्कों को ध्वस्त करना है, जो लोगों को सरकारी एजेंसियों के नाम पर डराकर करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दे रहे हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)