Delhi Traffic Alert: ‘तिरंगा मार्च’ से कनॉट प्लेस की 21 सड़कों पर पाबंदी, दोपहर 3 बजे से डायवर्जन

Delhi Traffic Alert: दिल्ली में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रस्तावित तिरंगा मार्च और सभा के मद्देनजर कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दोपहर 3 बजे से ट्रैफिक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एडवाइजरी जारी कर लोगों से अतिरिक्त यात्रा समय लेकर चलने और भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचने की अपील की है। यात्रियों को जहाँ तक संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, मौके की स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक रूट में बदलाव किए जा सकते हैं। लोगों को ताजा अपडेट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर नजर रखने और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद
प्रस्तावित मार्च और सभा को देखते हुए नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम जनता के लिए बंद रखने की घोषणा की है।

इन 20 सड़कों और रास्तों पर जाने से बचें
ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका के चलते यात्रियों को मध्य दिल्ली के इन प्रमुख मार्गों और चौराहों से बचने की सलाह दी गई है: संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ, रफी मार्ग, सी-हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाक खाना, अशोक रोड (GPO से सी-हेक्सागन तक), तिलक मार्ग, टॉलस्टॉय मार्ग, सिकंदरा रोड

मध्य दिल्ली में निषेधाज्ञा लागू
दिल्ली पुलिस के अनुसार, कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। इसके तहत निर्धारित परिस्थितियों में लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से निषेधाज्ञा का उल्लंघन न करने की अपील की है। साथ ही, अधिकारियों ने संकेत दिया है कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने के लिए कुछ लोगों को किसी निर्धारित उपयुक्त स्थान पर अनुमति देने की संभावना पर विचार किया जा सकता है।

दिल्ली हाई कोर्ट में भी हुई सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा
प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट में भी सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। दिल्ली पुलिस ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव साम्ब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ को आश्वस्त किया कि स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

यह मामला पालिका बाजार के लाइसेंस प्राप्त स्ट्रीट वेंडर अनिल कुमार गुप्ता की याचिका के बाद सामने आया। याचिका में आशंका जताई गई थी कि प्रदर्शन के कारण क्षेत्र की व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।

यात्रियों के लिए सलाह: शुक्रवार को कनॉट प्लेस जाने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर जांचें, अतिरिक्त समय लेकर निकलें और संभव हो तो मेट्रो या अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।

(एजेंसी इनपुट के साथ)