
Vietnam Boat Tragedy: वियतनाम में भारतीय पर्यटकों की जान लेने वाले नाव हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पीडबोट के कैप्टन को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे की आपराधिक जांच के तहत यह कार्रवाई की गई है।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, 57 वर्षीय कैप्टन गुयेन होंग हाई को रविवार को हिरासत में लिया गया। वह अन जियांग प्रांत के सोन किएन कम्यून स्थित थुआन थिएन गांव के निवासी हैं।
यह कार्रवाई शनिवार को फु क्वोक द्वीप के पास होन मे रुट न्गोई (Hon May Rut Ngoai) क्षेत्र में हुई स्पीडबोट दुर्घटना की जांच के सिलसिले में की गई है। इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई थी। पुलिस अब हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
वियतनाम ने जांच शुरू की
VN एक्सप्रेस इंटरनेशनल के अनुसार, जांचकर्ताओं ने हादसे की जगह का मुआयना किया, सबूत और दस्तावेज़ इकट्ठा किए और हादसे की वजह का पता लगाने के लिए उसमें शामिल लोगों के बयान दर्ज किए।
रिपोर्ट के मुताबिक, जांच चल रही है और अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी तरह के उल्लंघन से वियतनामी कानून के तहत सख्ती से निपटा जाएगा।
फु क्वोक द्वीप पर स्पीडबोट टूर रोके गए
हादसे के कुछ घंटों बाद, वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग ने गहन जांच के आदेश दिए और अधिकारियों को ज़िम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने का निर्देश दिया।
जांच चलने के दौरान अधिकारियों ने फु क्वोक द्वीप के आसपास स्पीडबोट टूर भी रोक दिए हैं।
ALSO READ: भारतीय दूतावास का अपडेट, 15 पीड़ितों के शव मुंबई लाए जाएंगे
15 भारतीय पर्यटकों की मौत
शनिवार को द्वीप की सैर से लौटते समय, 32 भारतीय पर्यटकों और चार वियतनामी क्रू सदस्यों को ले जा रही स्पीडबोट ‘होन मे रुट न्गोई’ द्वीप से लगभग 400 मीटर दूर पलट गई। इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई।
वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप, फु क्वोक, एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है जो अपने सफेद रेत वाले समुद्र तटों, कोरल रीफ और द्वीप-दर-द्वीप घूमने वाले टूर के लिए जाना जाता है।
पीड़ितों के शव भारत लाने में जुटा वियतनाम
वियतनाम सरकार ने पीड़ितों के परिवारों की मदद के लिए दो वर्किंग ग्रुप भी बनाए हैं। साथ ही, वे अन जियांग प्रांत की पीपल्स कमेटी, फु क्वोक स्पेशल ज़ोन, संबंधित एजेंसियों, भारत में वियतनाम दूतावास, हनोई में भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी में भारत के महावाणिज्य दूतावास के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसका मकसद कॉन्स्युलर और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े काम तेज़ी से करना और 15 मृतकों के शवों को जल्द से जल्द वापस लाने में मदद करना है।
हनोई में भारतीय दूतावास ने बताया कि 15 भारतीय पर्यटकों के शवों को रविवार को हो ची मिन्ह सिटी ले जाया गया, जहां से उन्हें जल्द ही हवाई जहाज़ से भारत लाया जाएगा।
भारतीय मिशन ने यह भी बताया कि बचाए गए 17 भारतीय पर्यटकों में से 16 अपने घर लौट रहे हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति, जिसकी हालत गंभीर है, फु क्वोक में अस्पताल में भर्ती है।
दूतावास ने रविवार को ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “कल नाव दुर्घटना में दुखद रूप से जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों के शव हो ची मिन्ह सिटी पहुँच गए हैं। हो ची मिन्ह में ज़रूरी प्रक्रियाएँ पूरी होने के बाद, शवों को जल्द से जल्द भारत भेजा जाएगा।”
(एजेंसी इनपुट के साथ)
