नई दिल्ली: राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत भारत सरकार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को निशुल्क कोविड टीके उपलब्ध कराकर उनकी मदद कर रही है।भारत सरकार राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों को टीकों की सीधी खरीद की सुविधा भी प्रदान कर रही है।जांच, बीमारी का पता लगाने, उपचार और कोविड उपयुक्त व्यवहार के साथ-साथ महामारी की रोकथाम और प्रबंधन के लिए टीकाकरण भारत सरकार की व्यापक रणनीति का एक अभिन्न स्तंभ है।
कोविड-19 टीकाकरण की तीसरे चरण की उदारीकृत और त्वरित रणनीति का कार्यान्वयन एक मई 2021 से शुरू हो गया है।
रणनीति के तहत, हर महीने केंद्रीय औषधि प्रयोगशाला (सीडीएल) द्वारा मंजूरी प्राप्त किसी भी निर्माता के टीकों की 50 प्रतिशत खुराक भारत सरकार द्वारा खरीदी जाएगी। भारत सरकार ये खुराक राज्य सरकारों को पूरी तरह से निशुल्क उपलब्ध कराना जारी रखेगी जैसा कि पहले किया जा रहा था।
भारत सरकार ने अब तक राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों को कोविड टीके की 23 करोड़ से अधिक खुराक (23,18,36,510) मुफ्त श्रेणी और राज्यों द्वारा सीधी खरीद की श्रेणी के माध्यम से प्रदान की है। इसमें से कुल खपत (अपव्यय सहित) 21,51,48,659 खुराक (आज सुबह आठ बजे उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार) है।
राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी टीके की 1.57 करोड़ से ज्यादा (1,57,74,331) खुराक उपलब्ध हैं जिन्हें दिया जाना बाकी है।
कोविड-19 से जुड़ी नवीनतम जानकारी
भारत में 1.27 लाख मामलों के साथ पिछले 54 दिनों में दैनिक नये मामले अपने सबसे निचले स्तर पर;नये मामलों के घटने का चलन बरकरार।
सक्रिय मामले और घटकर 18,95,520 हुए; 43 दिनों के बाद 20 लाख से कम।
पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों में 1,30,572 की कमी आयी।
देश में अब तक कुल 2,59,47,629 लोग कोविड-19 से स्वस्थ हुए।
पिछले 24 घंटे में बीमारी से 2,55,287 लोग स्वस्थ हुए।
लगातार 19वें दिन बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या दैनिक नये मामलों की संख्या से ज्यादा।
रिकवरी रेट का बढ़ना जारी, आज यह 92.09 प्रतिशत।
साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट इस समय 8.64 प्रतिशत।
दैनिक पॉजिटिविटी रेट गिरकर 6.62 प्रतिशत हुआ, लगातार आठवें दिन 10 प्रतिशत से कम।
जांच की क्षमता में काफी वृद्धि – अब तक कुल 34.67 करोड़ जांच की गयी।
राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक लोगों को टीके की 21.6 करोड़ खुराक दी गयीं।
