नई दिल्लीः केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पाकिस्तान को हद में रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह कश्मीर में आतंकियों को भारतीय नागरिकों का कत्ल करने में समर्थन देता रहा और सीमाएं लांघी तो उस पर जल्द एक और सर्जिकल स्ट्राइक होगी। अमित शाह ने कहा कि पुंछ में जब हमला हुआ तो पहली बार सर्जिकल स्ट्राइक कर भारत ने दुनिया को बता दिया कि भारत की सीमाओं से छेड़छाड़ करना इतना सरल नहीं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में पहली बार भारत ने अपनी सीमाओं की सुरक्षा और सम्मान को साबित किया।
पाकिस्तान को सर्जिकल स्ट्राइक की याद दिलाते हुए अमित शाह ने कहा, सर्जिकल स्ट्राइक से साबित हो चुका है हम हमले बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर आप उलंघन करेंगे तो और भी सर्जिकल स्ट्राइक होंगे।
गौरतलब है कि पाकिस्तान जम्मू कश्मीर में फिर से आतंकवाद की जड़े जमाने की कोशिश कर रहा है। हाल के दिनों में कायर आतंकवादियों ने घाटी में कई निर्दाेष लोगों की हत्या कर दी। इसके अलावा आतंकियों ने सेना पर भी हमला किया था। पड़ोसी मुल्क की शह पर आतंकियों के इस खूनी खेल के बाद इस वक्त पूरा देश उबल रहा है।
