
Greater Noida Bus Fire: ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ। जेवर थाना क्षेत्र में 33 किलोमीटर के माइलस्टोन के पास एक स्लीपर टूरिस्ट बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। बस में करीब 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
पुलिस और दमकल विभाग की टीमें सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सो रहे थे यात्री, अचानक मच गई अफरा-तफरी
हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री बस में सो रहे थे। एक यात्री ने ANI को बताया कि किसी ने उसे जगाकर बस में आग लगने की जानकारी दी। इसके बाद यात्री बाहर निकलने के लिए भागने लगे। बस के भीतर तेजी से धुआं भर गया था, जिससे यात्रियों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई।
एक अन्य यात्री ने बताया कि जब वह जागा तो बस में पहले से अफरा-तफरी मची हुई थी। उसने सामान तक नहीं उठाया और सिर्फ अपना मोबाइल लेकर बाहर निकल आया। यात्री के मुताबिक धुआं इतना ज्यादा था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था और लोग एक-दूसरे को धक्का देकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे।
कई यात्रियों ने खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
बस में आग कैसे लगी?
आग लगने के सटीक कारण की जांच जारी है। शुरुआती जांच में AC सिस्टम से जुड़ी तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है। कुछ रिपोर्टों में AC में स्पार्क के बाद इंजन ऑयल में आग लगने की बात कही गई है, हालांकि अंतिम कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक यात्रियों ने बस में जलने की गंध और धुआं महसूस होने की बात भी कही थी। इन दावों की जांच पुलिस कर रही है।
CM योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
