Punjab: चरणजीत सिंह चन्नी होंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह के उत्तराधिकारी

नई दिल्लीः सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए चरणजीत सिंह चन्नी को रविवार (19 सितंबर) को पंजाब कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता घोषित किया गया। कैप्टन अमरिंदर सिंह के उत्तराधिकारी चन्नी पंजाब के पहले दलित मुख्यमंत्री होंगे। चन्नी निवर्तमान अमरिंदर सिंह कैबिनेट में तकनीकी शिक्षा और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री थे। वह चमकौर साहिब निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे हैं।

आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस विधायक कुछ समय तक सिंह के कटु आलोचक भी रहे। चन्नी ने 2015 से 2016 तक प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व वाली अकाली-भाजपा सरकार के दौरान पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कार्य किया।

नए सीएम की घोषणा करते हुए, कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि चरणजीत सिंह चन्नी को सर्वसम्मति से पंजाब के कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में चुना गया है।’’

समाचार एजेंसी के मुताबिक, चन्नी पंजाब में नई सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात कर रहे हैं।

पंजाब के अगले मुख्यमंत्री के रूप में चन्नी का नाम एक और निवर्तमान मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा द्वारा कैप्टन की जगह लेने की खबरों के आने के कुछ घंटों बाद आया।

(एजेंसी इनपुट के साथ)