लखनऊ: प्रदेशवासियों को सुरक्षा का टीका देने के लिए प्रतिबद्ध योगी सरकार उचित रणनीति के तहत टीकाकरण को रफ्तार दे रही है। जिसके सकारात्मक परिणाम यूपी में देखने को मिल रहे हैं। अब तक 17 करोड़ 70 लाख से अधिक टीके की डोज देकर टीकाकरण में और 08 करोड़ 95 लाख टेस्ट कर यूपी देश के दूसरे प्रदेशों से कहीं आगे है। प्रदेश में अब तक 11 करोड़ 82 लाख पात्र लोगों को पहली डोज और 05 करोड़ 88 लाख से अधिक पात्र लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। जल्द ही यूपी एक और कीर्तिमान बनाने के लिए तैयार है। जिसमें प्रदेश में टीके की पहली डोज पाने वाले पात्र लोगों की संख्या 12 करोड़ और टीके की दूसरी डोज लेने वाले पात्र लोगों की संख्या 06 करोड़ होने वाली है।
सर्वाधिक टेस्ट व टीकाकरण करने वाले प्रदेश में बीते 24 घंटों में हुई 01 लाख 77 हजार से अधिक टेस्टिंग में महज 14 संक्रमण के मामलों की पुष्टि हुई इस दौरान 13 लोगों ने संक्रमण को मात दी। प्रदेश में सक्रिय केसों की संख्या 143 है वहीं रिकवरी रेट 98.7 प्रतिशत है। कम समय में तेजी से टीकारकण करने वाले यूपी मे अब तक 75.23 प्रतिशत पात्र लोगों ने पहली और 32.88 प्रतिशत पात्र लोगों ने दूसरी डोज का टीका कवर प्राप्त कर लिया है।
20 लाख प्रतिदिन टीकाकरण करने का लक्ष्य
कोरोना के पहली व दूसरी लहर में निगरानी समितियों ने गांवों व शहरों में संक्रमण पर लगाम लगाने का कार्य किया। ऐसे में नए वैरिएंट को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर से इन निगरानी समितियों को कमान सौंपी गई है। टीकाकरण की दूसरी डोज की रफ्तार बढ़ाने के लिए टीकाकरण की व्यवस्थाएं फिक्स बूथ क्लस्टर अप्रोच, मेगा वैक्सीनेशन डे का आयोजन करने के साथ ही योगी सरकार ने टीकाकरण की रफ्तार को बढ़ाने के लिए प्रतिदिन प्रदेश में 20 लाख टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।