SpiceJet–Akasa Air Incident: एविएशन रेगुलेटर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ़ सिविल एविएशन ने गुरुवार दोपहर दिल्ली एयरपोर्ट पर अकासा एयर के एक विमान और स्पाइसजेट के एक विमान के आपस में टकराने के बाद जाँच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद दोनों विमानों को नुकसान पहुँचा है और उन्हें एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया है।
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ़ सिविल एविलिएशन (DGCA) ने बताया कि एक एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और स्पाइसजेट के पायलटों को जाँच पूरी होने तक ड्यूटी से हटा दिया गया है।
हादसे के बारे में DGCA ने क्या कहा?
इस घटना का संज्ञान लेते हुए DGCA ने एक बयान में कहा, “टैक्सी करते समय, स्पाइसजेट विमान का दायाँ विंगलेट अकासा विमान के बाएँ हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइज़र से टकरा गया। दोनों विमानों को नुकसान पहुँचा है और उन्हें जाँच तथा मरम्मत के लिए रोक दिया गया है।”
शुरुआती जानकारी के अनुसार, अकासा एयर विमान को बे नंबर 104 से पीछे धकेला गया था और इंजन चालू करने के लिए तैयार किया जा रहा था। बे नंबर 108 के पास खड़े स्पाइसजेट विमान को ATC ने बे नंबर 106 तक टैक्सी करने की अनुमति दे दी थी, जब पायलट ने अकासा विमान से सुरक्षित दूरी होने की पुष्टि कर दी थी। इस प्रक्रिया के दौरान, स्पाइसजेट विमान ने बिना विंग वॉकर की अनुमति के मोड़ ले लिया, जिसके कारण यह टक्कर हुई।
बयान में कहा गया, “DGCA ने जाँच शुरू कर दी है, जिसमें ग्राउंड हैंडलिंग से जुड़े पहलुओं की भी जाँच की जा रही है। जाँच पूरी होने तक, स्पाइसजेट विमान के पायलटों और संबंधित एयर ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारी को ड्यूटी से हटा दिया गया है।”
अकासा एयर ने क्या कहा?
एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि शुरुआती जाँच से पता चलता है कि जब अकासा एयर विमान से किसी दूसरी एयरलाइन का विमान टकराया, तब वह स्थिर खड़ा था। एयरलाइन ने यह भी बताया कि इस घटना में शामिल विमान बोइंग 737 MAX 8 था।
एयरलाइन ने बताया कि सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया। बयान में आगे कहा गया, “निर्धारित नियमों के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और मामले की जाँच चल रही है।”
स्पाइसजेट ने क्या कहा?
स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर टैक्सी करते समय उसके बोइंग 737-700 विमान के साथ एक ज़मीनी घटना हुई, जिसके कारण उसके दाएँ विंगलेट और किसी दूसरी एयरलाइन के विमान के बाएँ हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइज़र को नुकसान पहुँचा।
एयरलाइन ने बताया कि स्पाइसजेट विमान को दिल्ली में ही रोक दिया गया है।
दोनों विमानों में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

