सस्पेंस, गठजोड़ और दिमागी खेल—‘अलायंस’ 26 जून से दर्शकों के बीच

मुंबई: भारतीय ओटीटी मनोरंजन की दुनिया एक नए और बेहद रोमांचक अध्याय का स्वागत करने जा रही है। प्राइम वीडियो 26 जून से अपना पहला डेली रियलिटी शो ‘अलायंस’ लेकर आ रहा है, जो रणनीति, भरोसे, धोखे और बदलते रिश्तों के अनोखे खेल से दर्शकों को हर दिन बांधे रखेगा।

खास बात यह है कि यह प्राइम वीडियो की दुनिया भर में पहली डेली सीरीज़ होगी, जिसका नया एपिसोड रोज़ाना दोपहर 12 बजे रिलीज़ किया जाएगा। अभिनेता कुणाल खेमू इस शो के साथ पहली बार किसी रियलिटी शो को होस्ट करते नज़र आएंगे।

कुल 42 एपिसोड और छह सप्ताह तक चलने वाले इस हाई-वोल्टेज रियलिटी गेम में 16 कंटेस्टेंट्स जोड़ी बनाकर खेल की शुरुआत करेंगे, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, दोस्ती और गठबंधन लगातार बदलते रहेंगे।

यहां कोई रिश्ता स्थायी नहीं होगा और हर निर्णय जीत या हार तय कर सकता है। टाल्पा स्टूडियोज़ के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित डच फॉर्मेट पर आधारित इस शो का भारतीय संस्करण बानिजय एशिया ने तैयार किया है।

भव्य चुनौतियों, अप्रत्याशित ट्विस्ट, मानसिक और भावनात्मक संघर्षों से भरपूर ‘अलायंस’ सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं, बल्कि रोज़ाना मिलने वाला रोमांच का नया डोज़ बनने जा रहा है। 26 जून से भारत सहित 240 देशों और क्षेत्रों के दर्शक इस अनोखे खेल का हिस्सा बन सकेंगे।