
मुंबई: स्वतंत्र भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक पदक विजेता खाशाबा दादासाहेब जाधव की अद्भुत संघर्षगाथा अब भव्य सिनेमाई रूप में दर्शकों के सामने आने जा रही है। जियो स्टूडियोज़ और आटपाट प्रोडक्शन्स की बहुप्रतीक्षित मराठी स्पोर्ट्स बायोपिक ‘खाशाबा’ का दमदार टीज़र रिलीज़ हो चुका है, जिसने फिल्म को लेकर उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक नागराज मंजुले के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक ऐसे खेल नायक की कहानी है, जिसने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद 1952 के हेलसिंकी ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर भारतीय खेल इतिहास में अमिट पहचान बनाई।
जियो स्टूडियोज़ की यह महत्वाकांक्षी फिल्म पारंपरिक कुश्ती के अखाड़ों से लेकर ओलंपिक के गौरवशाली मंच तक की रोमांचक यात्रा को भव्यता और भावनात्मक गहराई के साथ प्रस्तुत करेगी। पहले सिनेमाघरों में दिखाए गए टीज़र को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी और अब डिजिटल रिलीज़ के बाद भी इसकी खूब चर्चा हो रही है।
फिल्म का संगीत मशहूर जोड़ी अजय-अतुल ने तैयार किया है। खाशाबा दादासाहेब जाधव की भूमिका में एक नया चेहरा दिखाई देगा, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द होगी। वहीं जितेंद्र जोशी, महेश मांजरेकर, गिरीश कुलकर्णी, वैभव मांगले, छाया कदम और गर्गी कुलकर्णी जैसे सशक्त कलाकार फिल्म को और प्रभावशाली बनाएंगे।
ज्योति देशपांडे और गर्गी कुलकर्णी निर्मित तथा नागराज मंजुले निर्देशित ‘खाशाबा’ 1 जनवरी 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। यह फिल्म केवल एक स्पोर्ट्स बायोपिक नहीं, बल्कि संघर्ष, समर्पण और देशभक्ति की प्रेरणादायी कहानी बनकर दर्शकों के दिलों को छूने का वादा करती है।
