Diljit Dosanjh Delhi Concert 2026: रात 12 बजे तक मेट्रो, JLN स्टेडियम के पास ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग अलर्ट

Diljit Dosanjh Delhi Concert 2026: दिल्ली में शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ (Aura India Tour 2026) के तहत जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में भव्य कॉन्सर्ट आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में करीब 70,000 दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने मेट्रो सेवाओं का समय बढ़ाने का फैसला किया है। वहीं, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्टेडियम और आसपास की सड़कों के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

दिलजीत दोसांझ ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर प्रशंसकों से समय से पहले कार्यक्रम स्थल पहुंचने और निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है। कॉन्सर्ट शाम 7:30 बजे शुरू होने और रात 10 बजे तक चलने का कार्यक्रम है।

आधी रात तक चलेंगी दिल्ली मेट्रो की सेवाएं
DMRC के मुताबिक, 30 अक्टूबर को एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को छोड़कर दिल्ली मेट्रो की अन्य लाइनों पर सेवाएं रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो इस विशेष व्यवस्था में शामिल नहीं है।

कॉन्सर्ट के बाद यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मेट्रो नेटवर्क पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। जरूरत पड़ने पर स्टैंडबाय ट्रेनें भी तैनात की जाएंगी, ताकि दर्शकों को घर लौटने में परेशानी न हो।

इसके अलावा, दिल्ली मेट्रो सारथी ऐप पर QR टिकट खरीदने की सुविधा का समय भी एक घंटे बढ़ाया गया है। JLN स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और अतिरिक्त सुरक्षा जांच की व्यवस्था भी की जाएगी।

दिलजीत दोसांझ कॉन्सर्ट के लिए कौन-सा मेट्रो स्टेशन चुनें?
JLN स्टेडियम मेट्रो स्टेशन वायलेट लाइन पर स्थित है और कॉन्सर्ट स्थल तक पहुंचने के लिए प्रमुख विकल्प है। दर्शकों की सुविधा के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वारों के अनुसार मेट्रो स्टेशन और गेट निर्धारित किए गए हैं।

गेट नंबर 13, 14 और 17: JLN स्टेडियम और जंगपुरा मेट्रो स्टेशन (वायलेट लाइन) का इस्तेमाल किया जा सकता है।

गेट नंबर 3, 6 और 8: INA और जोर बाग मेट्रो स्टेशन (येलो लाइन) से निर्धारित ड्रॉप-ऑफ पॉइंट तक पहुंचा जा सकता है।

दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे अपने टिकट पर दिए गए प्रवेश द्वार की जानकारी पहले ही जांच लें।

JLN स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, कॉन्सर्ट के मद्देनजर शुक्रवार दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।

इन प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है: भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, चौथा एवेन्यू रोड, पांचवां एवेन्यू रोड

इसके अलावा, INA और जंगपुरा मेट्रो स्टेशन के बीच बारापुला फ्लाईओवर, दयाल सिंह कॉलेज रोड, CGO कॉम्प्लेक्स और लोधी कॉलोनी की आंतरिक सड़कों पर भी ट्रैफिक नियंत्रण लागू रहेगा।

लोधी रोड पर यातायात को लोधी फ्लाईओवर और अरविंदो मार्ग की ओर डायवर्ट किया जा सकता है। वहीं, स्टेडियम की तरफ जाने वाले वाहनों को लाला लाजपत राय मार्ग और भीष्म पितामह मार्ग के प्रमुख चौराहों पर नियंत्रित किया जाएगा।

JLN स्टेडियम में पार्किंग की सुविधा नहीं
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, JLN स्टेडियम या उसके आसपास आम दर्शकों के लिए सार्वजनिक पार्किंग की व्यवस्था नहीं होगी। दयाल सिंह कॉलेज रोड पर वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।

दर्शकों को अपनी गाड़ियां सुनहरी पुला बस डिपो और दयाल सिंह कॉलेज में निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ी करने की सलाह दी गई है।

टैक्सी और ऑटो-रिक्शा के लिए निर्धारित पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट का इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा। स्टेडियम के आसपास सड़क किनारे वाहन पार्क करने से बचने की सलाह दी गई है।

कॉन्सर्ट में जाने वाले दर्शकों के लिए जरूरी सलाह
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले दर्शकों को घर से पर्याप्त समय लेकर निकलना चाहिए। भीड़ और ट्रैफिक डायवर्जन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करना सुविधाजनक रहेगा।

दर्शकों को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने, निर्धारित प्रवेश द्वार का इस्तेमाल करने और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मेट्रो स्टेशन पर संभावित भीड़ को ध्यान में रखने की सलाह दी गई है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)