Noida Fire Alert: ANI के अनुसार, सोमवार को नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी के एक फ्लैट में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग पर काबू पाने के लिए कम से कम छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हैं। यह घटना सेक्टर-113 थाना क्षेत्र की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और किसी के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं है।
अरण्या सोसायटी के फ्लैट में लगी आग के संबंध में सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हमने यहां पर छह गाड़ियां भेजी। शुरुआत में ही आग काफी बड़ी बताई जा रही थी। इसलिए पुलिस टीम और एम्बुलेंस भी यहां पर रवाना की गई।
यहां आकर देखा गया तो पता चला कि आग 2105 फ्लैट में आग लगी थी, उसमें हमने तीन टीमें बनाई हैं। एक टीम ने बालकनी से, दूसरी टीम भी बालकनी से और एक टीम ने फ्लैट के अंदर घुसकर आग बुझाना शुरू किया।
सीएफओ बताया कि बहादुर कर्मचारियों की मदद से हमने आग आधे घंटे में ही बुझा ली। आग को एक ही फ्लैट में सीमित कर दिया गया है, आग को बाकी फ्लैट्स में बढ़ने नहीं दिया गया है।
हादसा कैसे हुआ
एसी में ब्लास्ट के बाद आग लगी थी। घटना के समय परिवार के कुछ सदस्य सो रहे थे। वह खुद आग लगने के बाद सुरक्षित बाहर निकल आए थे। दमकल की छह गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

